Advertisement
केदार हिमालय के ऐसे ट्रेक जहां रास्ता खुद आपको चुनता है
बुग्याल, हिमालयी वन और बर्फीली चोटियों का अद्भुत नज़ारा। आध्यात्म, रोमांच और एकांत का अनोखा संगम।
Example Ads Media
देहरादून: पीसीएस की मुख्य परीक्षा और फॉरेस्ट गार्ड भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे युवा ध्यान दें। इन दोनों ही परीक्षाओं की तिथि में बदलाव कर दिया गया है। प्रश्नपत्र भी नए सिरे से तैयार किए जाएंगे। ताकि किसी तरह की धांधली की गुंजाइश न रहे।
बीते दिनों उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की पटवारी लेखपाल भर्ती परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक होने का मामला सामने आया था। उत्तराखंड शासन ने मामले को गंभीरता से लिया है, अब पूरा फोकस अगले कुछ महीनों में होने वाली परीक्षाओं पर है। इसी कड़ी में लोक सेवा आयोग ने फॉरेस्ट गार्ड और पीसीएस की मुख्य परीक्षा की तिथियों में बदलाव किया है। 22 जनवरी को होने वाली फॉरेस्ट गार्ड भर्ती परीक्षा Uttarakhand Forest Guard Recruitment अब 9 अप्रैल को होगी, जबकि 28 से 31 जनवरी के बीच होने वाली पीसीएस की मुख्य परीक्षा Uttarakhand PCS Main Exam 23 से 26 फरवरी के बीच संपन्न कराई जाएगी। दोनों परीक्षाओं को लेकर अभ्यर्थी पिछले कई दिनों से विरोध-प्रदर्शन कर रहे थे। जिसके बाद आयोग ने मंगलवार की रात आदेश जारी कर दिया है। आयोग के अध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि दोनों ही परीक्षाओं के प्रश्न पत्रों में भी बदलाव किया जाएगा।
मंगलवार को लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार ने आयोग के सदस्यों के साथ मिलकर बैठक की। जिसमें पेपर लीक प्रकरण के बाद उत्पन्न स्थितियों को लेकर चर्चा की गई। डॉ. राकेश कुमार ने आयोग की बैठक के फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि फॉरेस्ट गार्ड और पीसीएस की मुख्य परीक्षा की तिथियों में बदलाव किया गया है। पीसीएस की मुख्य परीक्षा को अब नए प्रश्न पत्रों से कराया जाएगा। परीक्षा के दौरान धांधली रोकने के लिए कड़े इंतजाम किए जाएंगे। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थी की सामान्य तलाशी के साथ ही मेटल डिटेक्टर से भी तलाशी ली जाएगी। महिला अभ्यर्थियों की तलाशी के लिए महिला शिक्षक के साथ महिला पुलिस भी तैनात की जाएगी। इस संबंध में सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उधर, दो परीक्षाओं की तिथि बदलने के बाद लोक सेवा आयोग की ओर से जारी वार्षिक कैलेंडर में भी बदलाव किए जाने का अनुमान है। दरअसल फरवरी और अप्रैल में अन्य परीक्षाएं भी होनी हैं। जिसके आधार पर माना जा रहा है कि आयोग अपने वार्षिक कैलेंडर में भी बदलाव करेगा।