Advertisement
Hidden Gem Treks of Kedar Himalaya You Must Explore Once in Life
Peaceful and untouched trekking routes away from the crowds. Hidden trails where nature still remains raw and pure.
Example Ads Media
पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड में दोस्त की शादी में शामिल होने आये दो युवक जंगल की आग बुझाने के दौरान हादसे का शिकार हो गए।
इस दुखद हादसे में दोनों युवकों की जान चली गई। दिल्ली में जॉब करने वाले दोनों दोस्त अपने एक साथी की शादी में शरीक होने के लिए गांव आए हुए थे। इसी दौरान उनके साथ दुखद हादसा हो गया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। हादसा पौड़ी गढ़वाल के पोखड़ा क्षेत्र में हुआ। जहां जंगल की आग ने दो दोस्तों की जान ले ली। सोमवार शाम कंडुली गांव के खेतों से सटे जंगल में आग लगी हुई थी। 28 साल का कुलदीप कुमार और 23 साल का महिपाल सिंह आग बुझाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान वो आग की चपेट में आ गए और दोनों की जान चली गई। कुलदीप कंडोली गांव का रहने वाला था, जबकि महिपाल सिंह सेड़ियाखाल में रहता था। बताया गया कि कुलदीप की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि महिपाल ने हॉस्पिटल जाते समय दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि आग से बचने को एक युवक पेड़ पर भी चढ़ा, लेकिन आग की तेज लपटें उसे लील गईं। कुलदीप और महिपाल दिल्ली में प्राइवेट जॉब करते थे। 13 और 14 अप्रैल को उन्हें अपने दोस्त की शादी में शामिल होना था, लेकिन उससे पहले ही ये दुखद हादसा हो गया। दोनों युवकों की मौत के बाद पीड़ित परिवारों में कोहराम मचा है। गांव वाले गमगीन हैं। क्षेत्रीय विधायक एवं पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने भी घटना पर गहरा शोक जताया। उन्होंने घटना का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी और डीएफओ को तत्काल मामले की जांच करने को कहा। एसडीएम चौबट्टाखाल संदीप कुमार ने कहा कि तहसीलदार को मामले की जांच सौपी गई है। घटना राजस्व क्षेत्र में घटी, मामले की जांच की जा रही है।