Advertisement
Hidden Gem Treks of Kedar Himalaya You Must Explore Once in Life
Peaceful and untouched trekking routes away from the crowds. Hidden trails where nature still remains raw and pure.
Example Ads Media
रुड़की: गैंगस्टर गोल्डी बराड़....अपराध की दुनिया का वो नाम जिससे हर कोई खौफ खाता है। सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में गोल्डी बराड़ का नाम सामने आया था।
वो कई बार कह चुका है कि अब सलमान खान उसके निशाने पर है। बीते दिनों गायक और रैपर हनी सिंह को भी गोल्डी बरार ने जान से मारने की धमकी दी थी। इसी गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम से हरिद्वार में एक हॉस्पिटल संचालक से 20 लाख की रंगदारी मांगी गई है। बिजनौर निवासी डॉ. त्रिलोक सिंह चीमा रुड़की के खानपुर में निजी अस्पताल चलाते हैं। पुलिस को दी गई शिकायत में उन्होंने बताया कि मंगलवार को उनके मोबाइल पर एक नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने अपना नाम गोल्डी बराड़ बताया। साथ ही 20 लाख की रंगदारी की मांग की। ये भी कहा कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो पीड़ित को सिद्धू मूसेवाला की तरह गोलियों से भून दिया जाएगा। डॉ. त्रिलोक ने पहले तो कॉल को इग्नोर किया, लेकिन फिर उनके मोबाइल पर विदेशी नंबर से कॉल आई और रंगदारी की मांग करते हुए एक बैंक खाता नंबर दिया गया।
खाते में रंगदारी की रकम डालने की बात कही गई। उन्होंने बैंक खाते की डिटेल निकलवाई तो पता चला कि खाता यूपी के बलिया निवासी एक महिला के नाम पर खुला है। बुधवार को भी डॉ. त्रिलोक को पांच बार कॉल आई और हर बार उनसे रंगदारी मांगी गई। डॉ. त्रिलोक अपनी शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंचे तो वहां भी खलबली मच गई। गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम से रंगदारी मांगे जाने की शिकायत की पुलिस बारीकी से जांच कर रही है। एसओ मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि फिलहाल गोल्डी बराड़ के नाम से मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जिन नंबरों से कॉल आई है, उनकी जांच कराई जा रही है। साथ ही खाते की भी जांच की जा रही है। बता दें कि सलमान खान और हनी सिंह को धमकी देने वाले गोल्डी बराड़ के ऊपर कनाडा पुलिस ने इनाम रखा है और उसके खिलाफ इंटरपोल पुलिस ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया है।