Advertisement
केदार हिमालय के ऐसे ट्रेक जहां रास्ता खुद आपको चुनता है
बुग्याल, हिमालयी वन और बर्फीली चोटियों का अद्भुत नज़ारा। आध्यात्म, रोमांच और एकांत का अनोखा संगम।
Example Ads Media
रुड़की: उत्तराखंड में भारी बारिश न सिर्फ पहाड़ी, बल्कि मैदानी इलाकों में भी आफत बनी हुई है।
हरिद्वार में रुड़की समेत कई इलाके जलभराव से जूझ रहे हैं। कॉलोनियों में पानी भर गया है, लोग घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे। घरों और दुकानों में पानी भरने के बाद अब यहां जेल में भी जलभराव हो गया है। रुड़की जेल में जलभराव होने के बाद कैदियों को शिफ्ट करने की नौबत आन पड़ी। यहां महिला बैरक पूरी तरह पानी में डूब चुकी है, जिसके चलते 19 महिला बंदियों को हरिद्वार की रोशनाबाद जेल में शिफ्ट किया गया है। उप कारागार के जेल अधीक्षक जेपी द्विवेदी ने इसकी पुष्टि की। आगे पढ़िए
उन्होंने बताया कि प्रशासन को जेल में हुए जलभराव की स्थिति से अवगत करा दिया गया है, लेकिन अभी तक प्रशासन की तरफ से कोई राहत कार्य शुरू नहीं हो पाए हैं। जलभराव होने से जेल प्रशासन में हड़कंप मचा है। यहां महिला जेल के साथ-साथ जेल की एक पुरुष बैरक भी जलमग्न हो गयी है। बैरक में रहने वाले बंदियों को दूसरी जगह शिफ्ट किया गया है। क्षेत्र में पिछले पांच दिनों से लगातार बारिश हो रही है, जिससे पूरा शहर जलभराव से जूझ रहा है। रुड़की शहर से लेकर भगवानपुर, मंगलौर तथा अन्य क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर जलभराव हो रहा है। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर स्थित रुड़की उप कारागार में भी जलभराव हुआ है, जिससे जेल प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। प्रदेश के कई जिलों के लिए आज भी भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।