Advertisement
Secret Himalayan Treks Near Kedarnath You’ve Never Heard Of
Trails once used by sages, locals, and shepherds. Ideal for travelers seeking silence over social media fame.
Example Ads Media
हल्द्वानी: पिछले कई दिनों से जारी बारिश ने उत्तराखंड में जमकर तबाही मचाई है। सैकड़ों सड़कें बंद हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्र अलग-थलग पड़ गए हैं।
कुमाऊं मंडल में भी भारी बरसात के चलते 50 से ज्यादा ग्रामीण सड़कों पर आवाजाही थमी हुई है। इन्हें खोलने के प्रयास जारी है। इस बीच हल्द्वानी-अल्मोड़ा नेशनल हाईवे 109 को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है, लेकिन यह मार्ग फिलहाल रात 8 बजे से सुबह 5 बजे तक आवाजाही के लिए बंद रहेगा। लगातार मलबा गिरने और बोल्डर आने की आशंका के चलते हाईवे को बंद रखने का फैसला लिया गया है। कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत के मुताबिक मंडल में फिलहाल हालात सामान्य हैं, और सभी डैम का जलस्तर भी सामान्य है। कमिश्नर दीपक रावत ने मौसम के रेड अलर्ट को देखते हुए नदी-नालों और संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा बल तैनात करने के निर्देश दिए हैं।
भारी बारिश के चलते कुमाऊं मंडल में अभी तक 5 लोगों की मौत हुई है। पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिया जा चुका है। कमिश्नर दीपक रावत ने कहा कि बरसात के दौरान पहाड़ों पर पत्थर गिरने की संभावना बनी रहती है। इसलिए नेशनल हाईवे पर रात 8 से सुबह पांच बजे तक आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है। हाईवे पर देर रात वाहनों की आवाजाही नहीं होगी। हल्द्वानी के गौला पुल की बात करें तो इसका सर्वे करा लिया गया है, सर्वे में किसी तरह की समस्या नहीं पाई गई। फिर भी समय-समय पर पीडब्ल्यूडी के इंजीनियरों को सर्वे के लिए कहा गया है। वहीं बात करें मौसम की तो आज प्रदेश के 4 जिलों के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। 19 जुलाई तक प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। सावधान रहें।