भारी बारिश के चलते बदरीनाथ और गंगोत्री-यमुनोत्री हाईवे समेत 296 सड़कें बंद हैं। आज भी पांच जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है।
-
अनुष्का ढौंडियाल
-
Advertisement
Untouched Trekking Routes in Kedar Himalaya, Uttarakhand
Lesser-known treks offering breathtaking Himalayan views. A perfect blend of adventure, solitude, and spirituality.
Example Ads Media
Image: Uttarakhand Weather Forecast 28 July
पिथौरागढ़: उत्तराखंड में लगातार जारी बारिश सड़कों की सेहत पर भारी पड़ रही है। जगह-जगह रोड ब्लॉक हैं, ग्रामीण क्षेत्रों का मुख्यालय से संपर्क टूट गया है।
Uttarakhand Weather Forecast
आज भी मौसम राहत नहीं देगा। आज चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चंपावत और नैनीताल जिले के कई इलाकों में बिजली चमकने के साथ ही भारी बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। चमोली में बदरीनाथ हाईवे उमा महेश्वर आश्रम के पास मलबा आने से बंद है। यहां 30 से 40 वाहन फंसे हैं। कमेड़ा में भी बदरीनाथ हाईवे को खोलने का काम चल रहा है। नारायणबगड़ अस्पताल के पास मलबा जमा है। साथ ही चार दुकानों में भी मलबा व पानी भरने की सूचना है। आगे पढ़िए
इसी तरह कर्णप्रयाग-ग्वालदम हाईवे नलगांच, नारायणबगड़ में परखाल तिराहा, हरमनी, मल्यापौड़ व बैनोली बैंड में मलबा आने से बंद है। यमुनोत्री हाईवे से लगे गीठ पट्टी के राना गांव, बाडिया गांव में उफनाए गदेरे और मलबे के कारण कई आवासीय भवनों को खतरा पैदा हो गया है। मनेरी-सिलकुरा के समीप गंगोत्री हाईवे पर भू- कटाव शुरू हो गया है। हाईवे का करीब पांच से सात मीटर हिस्सा धंस गया है। पूरे प्रदेश की बात करें तो बदरीनाथ और गंगोत्री-यमुनोत्री हाईवे समेत 296 सड़कें बंद हैं। इनमें 12 स्टेट हाईवे, आठ मुख्य जिला मार्ग, तीन जिला मार्ग, 139 ग्रामीण सड़कें और 133 पीएमजीएसवाई की सड़कें शामिल हैं। पिथौरागढ़ जिले के धारचूला में काली नदी चेतावनी स्तर से ऊपर बह रही है। जिससे नदी किनारे रहने वालों में दहशत का माहौल है। इन दिनों मौसम का कोई भरोसा नहीं। संवेदनशील जगहों पर सड़कें कभी भी बंद हो सकती हैं, इसलिए मौसम की जानकारी लेने के बाद ही यात्रा शुरू करें।