Advertisement
Secret Himalayan Treks Near Kedarnath You’ve Never Heard Of
Trails once used by sages, locals, and shepherds. Ideal for travelers seeking silence over social media fame.
Example Ads Media
देहरादून: फरवरी की शुरुआत से ही उत्तराखंड में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं।
रविवार की सुबह मौसम में बदलाव आया और इसी के साथ पहाड़ों में बर्फबारी और मैदानों में बारिश शुरू हो गई। यह बदलाव इस साल दूसरी बार हुआ है। इससे पहाड़ से लेकर मैदान तक ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। बारिश-बर्फबारी के चलते प्रदेशभर में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। आज मौसम का हाल कैसा रहेगा, ये भी बताते हैं। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार पर्वतीय इलाकों के साथ मैदानों में हल्की बारिश के आसार हैं। जबकि, 2500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। रविवार को हुई बारिश-बर्फबारी के बाद तापमान में तेजी से गिरावट आई है। पंतनगर के अधिकतम तापमान में भी दो डिग्री की कमी दर्ज की गई।
जबकि नई टिहरी के अधिकतम तापमान में सबसे अधिक 11 डिग्री की कमी रिकॉर्ड की गई और तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी दून में सुबह से शुरू हुई बारिश दिन में कई बार रुक-रुककर होती रही। जिसके चलते दून का अधिकतम तापमान पांच डिग्री की कमी के साथ 16.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश में बारिश-बर्फबारी होने से किसानों के साथ-साथ होटल कारोबारी भी खुश हैं। वीकेंड के समय बर्फबारी होने से पर्यटन कारोबारियों के चेहरे पर चमक बिखर गई। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने कहा कि इस महीने अभी एक-दो बार और ऐसा ही मौसम होने की संभावना है। फरवरी में अभी तक दो बार हुई बर्फबारी से ग्लेशियर अच्छे रिचार्ज हुए हैं। इसका निश्चित तौर पर लाभ मिलेगा।