Advertisement
90% ट्रेकर्स नहीं जानते केदार हिमालय के ये सीक्रेट रूट्स
प्रकृति से जुड़ने और आत्मिक शांति पाने का अवसर। केदार हिमालय की वो यात्राएं जो ज़िंदगी भर याद रहती हैं।
Example Ads Media
टिहरी गढ़वाल: स्वास्थ्य विभाग का एक कर्मचारी घनसाली में गदेरे में बह गया। गेंवाल गदेरे में उनकी तलाश के लिए एसडीआरएफ ने सर्च ऑपरेशन चलाया लेकिन कोई सफलता नहीं मिल पाई।
टिहरी जनपद के गेंवाली गांव में अतिवृष्टि के कारण भारी तबाही हुई। आपदा प्रभावित गांव का स्वास्थ्य परीक्षण करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की छह सदस्यीय टीम सुबह घनसाली से रवाना हुई। सड़क मार्ग टूटने के कारण टीम को गेंवाली गांव पहुंचने के लिए छह किलोमीटर पैदल चलना पड़ा। दवाई वितरण के बाद टीम ने शाम को घनसाली लौटने का कार्यक्रम बनाया।
गेंवाल गदेरे में पुलिया बह जाने के कारण एसडीआरएफ ने लकड़ी डालकर अस्थायी रास्ता बनाया। शाम पांच बजे स्वास्थ्य विभाग की टीम गदेरे को पार कर रही थी तभी सैला गांव निवासी बृजमोहन जो खवाड़ा उप स्वास्थ्य केंद्र में संविदा पर वार्ड ब्याय के पद पर तैनात थे, उफनते गदेरे में बह गए। बालगंगा के नायब तहसीलदार बीरम सिंह पंवर ने बताया कि बृजमोहन की तलाश के लिए एसडीआरएफ ने रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन उसका पता नहीं चल पाया है। अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा और शनिवार सुबह फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है।