मानसून जाने के बाद मौसम शुष्क हो गया है। दिन में तेज धूप रहती है, लेकिन सुबह और शाम ठंडक बढ़ने लगी है। पहाड़ी क्षेत्रों में ठिठुरन महसूस होने लगी है, जबकि मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी जा रही है।
-
राज्य समीक्षा डेस्क
-
Image: Uttarakhand Weather Update 12 October 2024
देहरादून: ऊंची चोटियों पर हुई बर्फबारी ने कड़ाके की ठंड का आगाज कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में तापमान में और गिरावट आने की संभावना जताई जा रही है।
Uttarakhand Weather Update 12 October 2024
मानसून की विदाई के बाद प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है और अधिकांश क्षेत्रों में दिनभर तेज धूप खिल रही है। हालांकि सुबह और शाम की ठंडक अब महसूस होने लगी है। पर्वतीय इलाकों में सुबह के समय ठिठुरन बढ़ रही है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान लगातार गिर रहा है। दून में रात का तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। जहां बीते दिनों दून में उमस और गर्मी से लोग परेशान थे, वहीं अब दिन में भी ठंडी हवाएं बहने लगी हैं, जो पहाड़ों पर हुई बर्फबारी का असर है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश के कारण कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है, जबकि निचले इलाकों में सुबह और शाम ठंडक का एहसास होने लगा है।
आज के लिए मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है। न्यूनतम तापमान में भी कमी आ रही है और पिछले दो दिनों में यह दो डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह का कहना है कि उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रह सकता है, हालांकि कुछ स्थानों पर आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। 15 अक्टूबर के बाद तापमान में और गिरावट की संभावना जताई गई है। गुरुवार को बर्फबारी के बीच हेमकुंड साहिब और लक्ष्मण मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस दौरान हेमकुंड साहिब में लगभग 2 इंच तक बर्फ जम गई, जिससे पूरे क्षेत्र में ठंड का असर और बढ़ गया है।
बीते दिन के तापमान की स्थिति
शुक्रवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि पंतनगर का अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 22.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.08 डिग्री सेल्सियस था। नई टिहरी का अधिकतम तापमान 24.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।