Advertisement
भीड़ से दूर, स्वर्ग के सबसे पास – केदार हिमालय के Hidden Treks
बुग्याल, हिमालयी वन और बर्फीली चोटियों का अद्भुत नज़ारा। आध्यात्म, रोमांच और एकांत का अनोखा संगम।
Example Ads Media
देहरादून: राजपुर रोड स्थित मोबाइल दुकान के संचालक दीपक कुमार के साथ प्रॉपर्टी डीलिंग के नाम पर 17 लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई है। उनकी तहरीर पर डालनवाला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस में मुकदमा दर्ज करते हुए पीड़ित दीपक कुमार निवासी अशोक विहार सालावाला ने बताया कि उनकी राजपुर रोड के राज प्लाजा में मोबाइल की दुकान है। वहां अक्सर सोनू सिंह ऊर्फ सोनू चैयरमैन जो प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है वह आया करता था। नवंबर 2022 में उसने दीपक और उसकी पत्नी को मसूरी डायवर्जन के पास एक जमीन की प्लाटिंग का झांसा दिया। उसे यह बताया गया कि वह अपने जीजा वीरेंद्र सिंह के साथ मिलकर दस बीघा जमीन पर प्लॉटिंग कर रहा है। दीपक और उसकी पत्नी ने उस जमीन को देखने के बाद 100 गज का प्लॉट 22 लाख रुपये में खरीदने की डील की। आरोपियों ने कहा कि जमीन का मालिक विदेश में रहता है और रजिस्ट्री तभी होगी जब 2-3 बीघा प्लॉट बुक हो जाएंगे।
इसके बाद आरोपियों ने दीपक कुमार से 10 लाख रुपये एडवांस ले लिए, लेकिन रजिस्ट्री में लगातार देरी की। जनवरी 2023 में आरोपियों ने भूमि पूजन करवाया जिससे दीपक का विश्वास बना रहा। बाद में पता चला कि एमडीडीए ने अवैध प्लाटिंग के कारण उस जमीन को ध्वस्त करने की कार्रवाई की थी। जब दीपक ने इस पर सवाल उठाए, तो आरोपियों ने इसे एक आईपीएस अधिकारी की साजिश बताया और पैसे वापस करने का वादा किया। इसके बावजूद आरोपियों ने उसे प्रेमनगर में एक और प्लॉट देने का झांसा दिया और वहां सात लाख रुपये और ले लिए। आखिरकार दीपक ने ब्याज पर पैसे उधार लेकर उन्हें दे दिए, लेकिन रजिस्ट्री करवाने का वादा करके आरोपी रजिस्ट्रार कार्यालय में पैसे लेकर फरार हो गए। जब दीपक ने पैसे लौटाने की मांग की, तो आरोपी ने उसे धमकी दी कि वह पुलिस प्रशासन से अच्छे रिश्ते रखता है। अब आगे इस फर्जीवाड़े मामले की जांच डालनवाला पुलिस द्वारा की जा रही है।