गुप्तकाशी के वार्ड नाला में पेड़ पर चढ़कर चारा पत्ती काट रही महिला की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे केदारघाटी क्षेत्र में शोक है और पुलिस मामले की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
-
राज्य समीक्षा डेस्क
-
Advertisement
Secret Himalayan Treks Near Kedarnath You’ve Never Heard Of
Trails once used by sages, locals, and shepherds. Ideal for travelers seeking silence over social media fame.
Example Ads Media
Image: woman died after being electrocuted in Guptkashi
रुद्रप्रयाग: गुप्तकाशी नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नाला में करंट लगने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ, जब महिला पेड़ पर चढ़कर चारा पत्ती काट रही थी। अचानक करंट की चपेट में आने से महिला पेड़ पर ही अचेत हो गई। घटना के बाद केदारघाटी क्षेत्र में शोक फैल गया है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
woman died after being electrocuted in Guptkashi
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना आर्यन हेलीपैड के पास की है। महिला पेड़ पर चढ़कर चारा पत्ती काट रही थी, तभी पेड़ की एक टहनी पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गई। इसके चलते महिला को तेज करंट लगा और वह पेड़ पर ही लटक गई। अचानक हुई इस घटना से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
डॉक्टरों ने महिला को किया मृत घोषित
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, विद्युत विभाग, एसडीआरएफ और 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। विद्युत विभाग ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई, जिसके बाद महिला को सुरक्षित पेड़ से नीचे उतारा गया और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुप्तकाशी ले जाया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुप्तकाशी में डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। करंट से जान गंवाने वाली महिला की पहचान बिनीता देवी, पत्नी कुशलानंद तिवारी निवासी ग्राम नाला, गुप्तकाशी, जिला रुद्रप्रयाग के रूप में हुई है।
पुलिस कर रही आवश्यक कानूनी कार्रवाई
घटना के बाद पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने इस हादसे को झकझोर देने वाला बताया है। महिला की असामयिक मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
विद्युत सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
यह हादसा ऐसे समय सामने आया है, जब हाल ही में अल्मोड़ा जिले में भी करंट लगने से एक लाइनमैन की मौत हुई थी। जागेश्वर क्षेत्र के कोटूली गांव में विद्युत लाइन में आग लगने की सूचना पर मरम्मत के दौरान लाइनमैन पूरन सिंह (45 वर्ष) को करंट लग गया था। बताया गया कि काम के दौरान शटडाउन दिया गया था, लेकिन बिना पुष्टि शटडाउन हटाए जाने से यह हादसा हुआ।
लगातार हो रहे हादसे, सतर्कता जरूरी
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने विद्युत सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि हाईटेंशन लाइनों के आसपास रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए और विद्युत विभाग को भी सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना चाहिए।