उत्तराखंड की बेटी ने अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग में जमाई धाक, आरती धारियाल ने रोमानिया में जीता गोल्ड

पिथौरागढ़ की बॉक्सर आरती धारियाल ने रोमानिया में आयोजित इंटरनेशनल गोल्डन बेल्ट बॉक्सिंग टूर्नामेंट के 54 किग्रा वर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर भारत का नाम रोशन किया। जानिए उनकी सफलता की पूरी कहानी..
Advertisement भीड़ से दूर, स्वर्ग के सबसे पास – केदार हिमालय के Hidden Treks

बुग्याल, हिमालयी वन और बर्फीली चोटियों का अद्भुत नज़ारा। आध्यात्म, रोमांच और एकांत का अनोखा संगम।

Example Ads Media
Aarti Dhariyal: Uttarakhand Boxer Aarti Dhariyal Wins Gold in Romania
Image: Uttarakhand Boxer Aarti Dhariyal Wins Gold in Romania

पिथौरागढ़: उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ की बेटी आरती धारियाल ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत का नाम रोशन किया है। रोमानिया में आयोजित प्रतिष्ठित इंटरनेशनल गोल्डन बेल्ट बॉक्सिंग टूर्नामेंट में आरती ने 54 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल मुकाबले में मेजबान देश की मुक्केबाज कार्ला लौरा को दूसरे राउंड में आरएससी (Referee Stopped Contest) के तहत हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।

Uttarakhand Boxer Aarti Dhariyal Wins Gold in Romania

पिथौरागढ़ की महिला मुक्केबाज इन दिनों अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। 15 जुलाई को इंडोनेशिया के जकार्ता में आयोजित एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में निकिता चंद और काजल फर्स्वाण ने भारत के लिए रजत पदक जीते थे। वहीं, अब महज तीन दिन बाद आरती धारियाल ने रोमानिया में स्वर्ण पदक जीतकर जिले और देश का गौरव बढ़ा दिया है।

दूसरे राउंड में ही मुकाबला किया अपने नाम

12 जुलाई 2026 से रोमानिया में चल रहे गोल्डन बेल्ट इंटरनेशनल बॉक्सिंग टूर्नामेंट के 54 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में आरती का सामना मेजबान खिलाड़ी कार्ला लौरा से हुआ। मुकाबले के दौरान आरती ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और दूसरे राउंड में ही विपक्षी खिलाड़ी को आरएससी के तहत हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया।

'सालों की मेहनत आखिरकार रंग लाई'

अपनी जीत के बाद आरती धारियाल ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह सफलता वर्षों की कड़ी मेहनत और लगातार मिले सहयोग का परिणाम है।उन्होंने कहा कि अपने कोच, परिवार, दोस्तों, बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) और कोच सैंटियागो नीवा का विशेष आभार व्यक्त करती हैं, जिनके सहयोग से यह उपलब्धि संभव हो सकी।

पिथौरागढ़ की गौरीहाट की रहने वाली हैं आरती

21 वर्षीय आरती धारियाल मूल रूप से पिथौरागढ़ जिले के मूनाकोट ब्लॉक के गौरीहाट गांव की रहने वाली हैं। वर्तमान में वह पटियाला स्थित एलिट सीनियर बॉक्सिंग कैंप में प्रशिक्षण ले रही हैं। इससे पहले उन्होंने पिथौरागढ़ के स्मॉल खेलो इंडिया बॉक्सिंग सेंटर में बॉक्सिंग कोच निखिल महर के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त किया।

जिला खेल अधिकारी ने जताया गर्व

जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप बिष्ट ने कहा कि पिथौरागढ़ की महिला बॉक्सर लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। पहले निकिता चंद और काजल फर्स्वाण ने एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में रजत पदक जीते और अब आरती धारियाल ने गोल्ड मेडल जीतकर पूरे प्रदेश का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि सीमांत जिले की तीन बेटियों का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तीन पदक जीतना उत्तराखंड के खेल इतिहास में गौरवपूर्ण उपलब्धि है।

आरती को बधाई देने वालों का लगा तांता

आरती धारियाल की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जिला युवा कल्याण अधिकारी जगदीश नेगी, उप क्रीड़ाधिकारी प्रताप सिंह, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी जगत सिंह महरा, बॉक्सिंग कोच निखिल महर, ओलंपिक संघ, बॉक्सिंग संघ, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई दी है। पूरे पिथौरागढ़ में उनकी सफलता का जश्न मनाया जा रहा है।