उत्तराखंड के 26 साल पूरे, PM मोदी ने CM धामी को लिखा खास पत्र, देवभूमि को लेकर कही बड़ी बात

उत्तराखंड के 26वें स्थापना दिवस पर CM पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के शहीद स्थल पहुंचकर राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं PM नरेंद्र मोदी ने पत्र भेजकर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं..
Advertisement केदार हिमालय के ऐसे ट्रेक जहां रास्ता खुद आपको चुनता है

बुग्याल, हिमालयी वन और बर्फीली चोटियों का अद्भुत नज़ारा। आध्यात्म, रोमांच और एकांत का अनोखा संगम।

Example Ads Media
Uttarakhand Foundation Day 2026: Uttarakhand Celebrates 26th Foundation Day
Image: Uttarakhand Celebrates 26th Foundation Day

देहरादून: उत्तराखंड आज 9 नवंबर 2026 को अपना 26वां राज्य स्थापना दिवस मना रहा है। राज्यभर में इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। स्थापना दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून स्थित कचहरी के शहीद स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले आंदोलनकारियों को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।

Uttarakhand Celebrates 26th Foundation Day

इस खास अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर उत्तराखंड के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में देवभूमि की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत, 26 वर्षों की विकास यात्रा और राज्य की उपलब्धियों का उल्लेख किया। साथ ही उत्तराखंड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनने की क्षमता वाला प्रदेश बताया।

शहीद स्थल पहुंचकर CM धामी ने आंदोलनकारियों को किया नमन

उत्तर प्रदेश से अलग एक पृथक पर्वतीय राज्य के निर्माण के लिए उत्तराखंड में लंबा आंदोलन चला था। इस संघर्ष में अनेक आंदोलनकारियों ने अपना बलिदान दिया। राज्य निर्माण के इसी संघर्ष और शहीदों के योगदान को याद करते हुए हर साल स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री शहीद स्थल पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। इसी परंपरा के तहत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी 9 नवंबर को देहरादून कचहरी स्थित शहीद स्थल पहुंचकर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान राज्य आंदोलनकारियों ने मुख्यमंत्री को अपनी विभिन्न मांगों से संबंधित मांग पत्र भी सौंपे। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए आंदोलनकारियों के त्याग, बलिदान और संघर्ष को याद किया।

PM मोदी ने पत्र भेजकर दी स्थापना दिवस की बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड के 26वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर प्रदेशवासियों के लिए शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने लिखा कि उत्तराखंड आध्यात्मिक चेतना, अद्भुत प्राकृतिक सौंदर्य और गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध प्रदेश है। यहां के मनोरम पर्वतीय दृश्य, पवित्र नदियां और चारधाम प्रदेश को विशिष्ट पहचान देते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के परिश्रमी, प्रतिभाशाली और प्रगतिशील लोगों की सक्रिय भागीदारी से उत्तराखंड आज विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रकृति और संस्कृति प्रेमियों का यह प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा।

अटल बिहारी वाजपेयी के प्रयासों से बना था उत्तराखंड

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पत्र में उत्तराखंड राज्य निर्माण के इतिहास का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 9 नवंबर 2000 को भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदृष्टि एवं दृढ़ संकल्प से उत्तराखंड एक अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया था। राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ को उन्होंने देवभूमि के लोगों के अदम्य साहस, अटूट स्वाभिमान और अनवरत प्रगति के संकल्प को नमन करने का अवसर बताया।

केदारनाथ से आदि कैलाश तक उत्तराखंड की आध्यात्मिक पहचान का जिक्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड की धार्मिक और आध्यात्मिक महत्ता का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि हिमालय की ऊंची चोटियों के बीच बसा उत्तराखंड प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक वैभव का अद्भुत संगम है। उन्होंने मां गंगा और यमुना के उद्गम स्थल, पंच केदार, पंच प्रयाग और चारधाम की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि बाबा केदारनाथ, बदरी विशाल, गंगोत्री, यमुनोत्री, हेमकुंड साहिब, जागेश्वर धाम और आदि कैलाश जैसे पवित्र स्थल करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े हैं। प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड से अपने पुराने जुड़ाव को भी याद किया। उन्होंने केदारनाथ की दिव्य गुफा में साधना, आदि कैलाश की आध्यात्मिक यात्रा, बुग्यालों और प्रदेश की माताओं-बहनों से मिले स्नेह का उल्लेख किया।

उत्तराखंड बन सकता है विश्व की आध्यात्मिक राजधानी: PM मोदी

प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनने की पूरी क्षमता वाला प्रदेश बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार इस दिशा में लगातार कार्य कर रही है।प्रधानमंत्री ने प्रदेश की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए विकास की गति बनाए रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शुभकामना संदेश पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया के माध्यम से आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने लिखा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व, सतत मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से देवभूमि उत्तराखंड विकास एवं समृद्धि के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक स्वरूप को संरक्षित रखते हुए विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्थापना दिवस हमें राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों के त्याग, बलिदान और संकल्प का स्मरण कराता है।