पौड़ी गढ़वाल में गुलदार का आतंक, 10 साल की बच्ची को बनाया निवाला..गुस्से में गांववाले

पाबौ में खेत से लौट रही 10 साल की मासूम को गुलदार ने अपना निवाला बना लिया, वन विभाग ने गुलदार को मारने के आदेश दिए हैं..
Advertisement केदार हिमालय के ऐसे ट्रेक जहां रास्ता खुद आपको चुनता है

बुग्याल, हिमालयी वन और बर्फीली चोटियों का अद्भुत नज़ारा। आध्यात्म, रोमांच और एकांत का अनोखा संगम।

Example Ads Media
Leopard attack: Leopard killed 10 years old girl in pauri
Image: Leopard killed 10 years old girl in pauri

देहरादून: उत्तराखंड में मासूमों के लिए गुलदार काल बने हुए हैं। पिछले हफ्ते पिथौरागढ़ में 3 साल के मासूम को गुलदार ने अपना निवाला बना लिया था, अब पौड़ी में 10 साल की बच्ची गुलदार का शिकार बन गई। मासूम की मौत के बाद गांव में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं वन विभाग ने गुलदार को देखते ही गोली मारने के आदेश जारी किए हैं। घटना पाबौ ब्लॉक की है, जहां बुधवार देर शाम 10 साल की मीनाक्षी को गुलदार ने अपना शिकार बना लिया। मीनाक्षी का परिवार कुलमोरी गांव में रहता है। बुधवार को भी मीनाक्षी रोज की तरह अपनी मां के साथ खेत में हाथ बंटाने गई हुई थी। पर वो जिंदा वापस नहीं लौट सकी। घर वापस लौटते वक्त गुलदार ने बच्ची पर हमला कर दिया और उसे खींच कर नीचे झाड़ियों में ले गया। बाद में मासूम का क्षत-विक्षत शव झाड़ियों में पड़ा मिला। शव की हालत देख ग्रामीणों का कलेजा मुंह को आ गया।

यह भी पढ़ें - देहरादून में करोड़ों की लूट, पर शिकायतकर्ता कोई नहीं...पुलिस भी हैरान
घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची, टीम को देखते ही ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया। लोगों ने वनकर्मियों को जमकर खरी-खोटी सुनाई। ग्रामीणों ने वन विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि 2 महीने पहले भी क्षेत्र में ऐसी ही घटना हुई थी। तब आदमखोर को पकड़ने के लिए वन विभाग ने क्षेत्र में पिंजरा लगाने की औपचारिकता निभाई दी थी, पर गुलदार पकड़ने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए। गुलदार को पकड़ने के लिए ठोस कदम उठाए गए होते तो मासूम मीनाक्षी की जान ना जाती। वहीं डीएफओ पौड़ी ने कहा कि गुलदार को मारने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। पौड़ी से एक शूटर को मौके पर भेज दिया गया है, जल्द ही गुलदार को मार दिया जाएगा।