हरिद्वार: उत्तराखंड के कई गांव ऐसे हैं जहां के लोग हाथियों के आतंक से त्रस्त हैं। खासतौर पर हरिद्वार की बात करें तो यहां लोग हाथियों के आतंक से हलकान हो चुके हैं। अब वन विभाग ने हाथियों को रोकने के लिए नई रणनीति बनाई है। इसके तहत जिन 24 गांव में हाथियों का आतंक ज्यादा है वहां पर युवाओं को आउट सोर्स के जरिए नियुक्त किया जाएगा और निगरानी के लिए तैनात किया जाएगा। डीएफओ आकाश कुमार वर्मा का कहना है कि हर गांव से 5-5 युवाओं का सिलेक्शन होगा। इसके लिए शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है। अनुमति मिलते ही युवाओं की नियुक्तियां कर दी जाएंगी। आपको बता दें कि बीते दिनों हाथी के हमले में इन गांवों के आसपास 2 लोगों की मौत हो चुकी है और इस वजह से यहां दहशत का माहौल है। खासतौर पर एक महिला की मौत के बाद तो गांव वालों ने वन विभाग के अधिकारियों को ही बंदी बना दिया था।