Advertisement
Triyuginarayan - World’s Most Divine Wedding Destination
Couples are choosing the sacred land of Lord Shiva’s wedding to begin their own love stories.
Example Ads Media
चमोली: एक बड़ी खबर चमोली से आ रही है, जहां जोशीमठ में श्रद्धालुओं की कार खाई में जा गिरी, हादसे में पति-पत्नी और 8 महीने की बच्ची समेत पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। श्रद्धालु परिवार हरियाणा का रहने वाला है, जो कि बदरीनाथ धाम के दर्शन के लिए उत्तराखंड आया हुआ था। बदरीनाथ धाम के दर्शन कर सभी श्रद्धालु हंसी-खुशी वापस लौट रहे थे, कि तभी लामबगड़ के पास कार का एक्सीडेंट हो गया। लामबगड़ क्षेत्र भूस्खलन जोन है, जहां अक्सर सड़क हादसे होते रहते हैं, पर शुक्र है कि श्रद्धालु परिवार के साथ कोई अनहोनी नहीं हुई। पांच लोग घायल हैं, पर उनकी जान बच गई। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोविंदघाट पुलिस ने बताया कि शनिवार शाम कार में सवार श्रद्धालु बदरीनाथ धाम के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। शाम करीब छह बजे यात्रियों की कार सड़क से करीब 5 मीटर नीचे जा गिरी। खबर मिलते ही पुलिस मौके के लिए रवाना हो गई। हादसे में 28 साल के जतिन डाबरा, उनकी पत्नी 27 वर्षीय तुषारिका के साथ-साथ 8 महीने की बेटी साबी घायल हुए हैं। 28 साल के हरीश स्वामी और उनकी पत्नी शैलजा को भी चोट लगी है। सभी श्रद्धालु हरियाणा के फरीदाबाद के रहने वाले हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू कर पांचों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घायल यात्रियों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोशीमठ में इलाज चल रहा है।
यह भी पढ़ें - उत्तराखंड: दर्दनाक हादसे में पौड़ी सांसद तीरथ सिंह रावत घायल, बाल-बाल बची जान