दो पक्षों के विवाद में कुत्ते को थाने में धर लिया गया, बेजुबान जानवर को बिना किसी गुनाह के पूरी रात हवालात में काटनी पड़ी...
-
कोमल
-
Advertisement
Untouched Trekking Routes in Kedar Himalaya, Uttarakhand
Lesser-known treks offering breathtaking Himalayan views. A perfect blend of adventure, solitude, and spirituality.
Example Ads Media
Image: Controversy between two parties over labra dog in kashipur
उधमसिंह नगर: कहते हैं हर कुत्ते का दिन आता है। काशीपुर में भी आया, लेकिन इस एक दिन ने बेजुबान कुत्ते को हवालात की हवा खिला दी। हर फिल्म की शुरुआत में एक डिस्क्लेमर आता है, जिसमें लिखा होता है कि शूटिंग के दौरान जानवरों को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया गया, पर काशीपुर में देर रात जो हुआ वो अगर पेटा वाले जान लें तो बवाल खड़ा हो जाए। मामला कुत्ते के मालिकाना हक से जुड़ा है। लेब्राडोर नस्ल के एक कुत्ते के लिए दो-दो दावेदार सामने आ गए थे। बवाल थाने तक पहुंच गया। जिसमें मालिकाना हक जताने वालों का तो कुछ नहीं गया, लेकिन पुलिस की नींद जरूर उड़ गई। दोनों पक्षों के विवाद में कुत्ते को थाने में धर लिया गया। बेजुबान जानवर को बिना किसी गुनाह के पूरी रात हवालात में काटनी पड़ी। अब मामला विस्तार से जानते हैं। काशीपुर में एक मोहल्ला है शिवनगर। यहां निर्मल सिंह वर्मा रहते हैं। उनके पास एक पालतू लेब्राडोर नस्ल का कुत्ता था, नाम था टाइगर। बीते 26 दिसंबर को टाइगर अचानक लापता हो गया। निर्मल सिंह ने कटोराताल चौकी में उसके खो जाने की तहरीर दी। कुत्ते को खोये हुए कई दिन हो गए थे। इसी बीच 12 जनवरी को पंत पार्क के पास रहने वाले अमित ने एक कुत्ते की फोटो अपने फेसबुक पेज पर डाली और कहा कि ये कुत्ता उसको रेलवे क्रॉसिंग के पास मिला है। जिसका हो वो ले जाए।
यह भी पढ़ें - नेशनल फुटबॉल मैच के हीरो बने राजीव, 4 गोल कर उत्तराखंड को बनाया चैंपियन
फोटो निर्मल सिंह के बेटे आनंद ने देखी। फोटो उनके कुत्ते टाइगर की थी। पूरा परिवार खुश हो गया। परिवार वाले अमित की दुकान पर गए और टाइगर की पुरानी फोटो दिखाकर कुत्ते को अपने साथ ले गए। बात यहीं तक रहती तो ठीक था, पर ऐसा हुआ नहीं। मामले में नया मोड़ तब आया जब शुभ विहार में रहने वाले डॉ. अनुराग चौहान भी अमित के पास पहुंच गए और कहा कि जिस कुत्ते की फोटो उन्होंने शेयर की थी। वो उनके पालतू कुत्ते ब्रूनी की है। ब्रूनी सुबह से लापता है। डॉ. अनुराग चौहान कुत्ते को लेने के लिए निर्मल सिंह के घर पहुंच गए। कुत्ते पर मालिकाना हक को लेकर खूब हंगामा हुआ। मामला कटोराताल चौकी पहुंच गया। कई घंटे तक बहस होती रही, पर ये तय नहीं हो पाया कि कुत्ता किसका है। दोनों पक्षों के झगड़े में बेजुबान कुत्ते को पूरी रात हवालात में काटनी पड़ी। काशीपुर पुलिस ने कहा कि शुक्रवार को कुत्ते को दोनों पक्षों के घरों के मध्य स्थान पर छोड़ा जाएगा। कुत्ता जिस पक्ष के घर की तरफ जाएगा, उसी का मालिकाना हक मानते हुए कुत्ता उसे सौंप दिया जाएगा। पुलिस कस्टडी में रखा गया कुत्ता ब्रूनी है या फिर टाइगर, ये आज तय होगा। नतीजा जो भी हो, लेकिन इस एक बवाल ने कुत्ते को सुर्खियों में ला दिया है, पूरे शहर में ये मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।