श्रीनगर गढ़वाल: कोरोना वायरस...दहशत का दूसरा नाम। कोरोना से बचाव का एकमात्र तरीका है सतर्कता और बचाव। उत्तराखंड सरकार तेजी से पैर पसारते कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए हर जरूरी इंतजाम कर रही है। जांच सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। अब उत्तराखंड में कोरोना जांच को और रफ्तार मिलेगी, क्योंकि श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में कोरोना जांच की मंजूरी मिल गई है। गढ़वाल में कोविड-19 की जांच के लिए श्रीनगर मेडिकल कॉलेज की लैब को हर पैमाने पर खरा पाया गया। जिसके बाद पीजीआई चंडीगढ़ और आईसीएमआर ने श्रीनगर मेडिकल कॉलेज की कोरोना लैब में सैंपल जांच की अनुमति दे दी। अब गढ़वाल क्षेत्र के कोरोना संदिग्धों के सैंपल की जांच श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में हो सकेगी। इससे लोगों को सुविधा मिलेगी। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के समय और धन की बचत भी होगी। आपको बता दें कि कुछ दिन पहले श्रीनगर मेडिकल कॉलेज से माइक्रोबॉयोलॉजी की विभागाध्यक्ष के नेतृत्व में पांच सदस्यीय टीम ट्रेनिंग के लिए पीजीआई चंडीगढ़ गई थी।