पिछले कई दिनों से हो रही भारी बारिश के चलते ऋषिकेश-देवप्रयाग रोड बंद है। यहां वाहन जगह-जगह फंसे हुए हैं। हाल ये है कि उत्तराखंड पुलिस को लोगों से यात्रा न करने की अपील करनी पड़ रही है।
-
राज्य समीक्षा डेस्क
-
Advertisement
Untouched Trekking Routes in Kedar Himalaya, Uttarakhand
Lesser-known treks offering breathtaking Himalayan views. A perfect blend of adventure, solitude, and spirituality.
Example Ads Media
Image: landslide on dehradun to tehri road
देहरादून: मानसूनी बारिश ने पहाड़वासियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सड़कें भूस्खलन की भेंट चढ़ गई हैं। सैकड़ों मोटरमार्ग बंद हैं। नदियां-गदेरे उफान पर हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। रोड बंद होने की वजह से गांवों का मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। दूध, सब्जियां और जरूरत का सामान गांवों तक नहीं पहुंच पा रहा, जिस वजह से इन चीजों की बेतहाशा किल्लत हो गई है। पिछले कई दिनों से हो रही भारी बारिश के चलते ऋषिकेश-देवप्रयाग रोड बंद है। यहां वाहन जगह-जगह फंसे हुए हैं। ऋषिकेश-टिहरी रोड पर भी गाड़ियों की आवाजाही थमी हुई है। टिहरी में गंगोत्री, बदरीनाथ हाइवे और चंबा-मालदेवता रोड मलबा आने से बंद हो गए हैं। इससे टिहरी जिले का राजधानी से संपर्क कट गया है। जिलाधिकारी इवा आशीष श्रीवास्तव ने बदरीनाथ हाइवे पर पत्थर और मलबा गिरने के कारण यातायात पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। देहरादून-मसूरी रोड भी भूस्खलन के चलते बंद है, यहां भी रोड पर मलबा आने की वजह से वाहनों की आवाजाही बाधित हुई है। हाल ये हैं कि उत्तराखंड पुलिस को लोगों से इन जगहों पर ट्रैवल अवॉयड करने की अपील करनी पड़ रही है। उत्तराखंड पुलिस ने सोशल मीडिया पर संदेश जारी कर कहा कि जब तक हालात सामान्य न हो जाएं, तब तक इन सड़कों पर आवाजाही करने से बचें।
यह भी पढ़ें - देहरादून: मालदेवता-सहस्त्रधारा रोड टूटकर नदी में समाई, 2 गाड़ियां बही..देखिए वीडियो
उधर टिहरी गढ़वाल प्रशासन ने भी तपोवन से मलेथा के बीच नेशनल हाईवे-58 के बंद होने की सूचना दी है। पूरे प्रदेश की बात करें तो बारिश के बाद जगह-जगह मलबा आने से 659 मार्ग बंद हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के मुताबिक उत्तरकाशी जिले में दो, देहरादून में दो, चमोली में 7, पौड़ी में 18, टिहरी में 10, बागेश्वर में 3, नैनीताल में 3, चंपावत में 3 एवं पिथौरागढ़ में 17 मार्ग बंद हैं। बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे कई जगह पर बंद है। विकासनगर-बड़कोट हाईवे यमुना पुल के पास अवरुद्ध हो गया है। फकोट के समीप ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे का एक पूरा हिस्सा भारी बारिश से पूरी तरह टूट गया है। जिससे हाईवे के दोनों ओर कई वाहन फंस गए हैं। मौसम खराब होने की वजह से सड़कों को खोलने में भी मुश्किल हो रही है। पहाड़ की सड़कों के हाल के बारे में राज्य समीक्षा हर सूचना आप तक पहुंचाता रहेगा। आप भी जितना संभव हो खराब मौसम में यात्रा करने से बचें। सुरक्षित जगहों पर रहें।