केदारनाथ में उमड़ने लगे श्रद्धालु, 12 दिन की वेटिंग..एडवांस बुकिंग फुल

कोविड से जुड़े प्रतिबंधों के साथ यात्रा शुरू होते ही तीर्थ यात्रियों में खासा जोश दिखाई दिया। खराब मौसम और बदहाल रास्तों के बावजूद श्रद्धालु दूर-दूर से चारधाम की यात्रा पर पहुंचने लगे हैं।
Advertisement Cheapest Chardham Yatra 2026 Package? The Price Will Shock You!

Planning Chardham in 2026? These 5 Packages Are Getting Booked Fast

Example Ads Media
Kedarnath Dham yatra: People coming for Kedarnath darshan
Image: People coming for Kedarnath darshan

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड में केदारनाथ, बदरीनाथ सहित चारधाम में यात्रा का शुभारंभ हो गया। शनिवार को यात्रा के पहले दिन सैकड़ों श्रद्धालुओं ने बदरीनाथ, केदारनाथ और गंगोत्री-यमुनोत्री पहुंचकर अपने आराध्य का आशीर्वाद लिया। बाबा केदारनाथ के दर्शनों के लिए भी श्रद्धालुओं की खूब भीड़ उमड़ रही है। खराब मौसम और बदहाल रास्तों के बावजूद श्रद्धालु दूर-दूर से केदारनाथ पहुंचने लगे हैं। बाबा के दर्शनों को लेकर लोगों में कितना उत्साह है, इसका अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि केदारनाथ धाम के दर्शन के लिए अगले 12 दिन तक बुकिंग फुल हो गई है। केदारधाम में प्रतिदिन केवल 800 लोगों को ही जाने की अनुमति है। शनिवार को केदारनाथ के लिए 10 हजार ई-पास जारी किए गए। इस हिसाब से अब रजिस्ट्रेशन कराने वाले श्रद्धालुओं को आने वाले 12 दिन तक इंतजार करना होगा। इसी तरह बदरीनाथ धाम में दर्शन के लिए करीब पांच दिन का इंतजार करना होगा। हाईकोर्ट की अनुमति मिलने के बाद शनिवार को चारधाम यात्रा का श्रीगणेश हो गया। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भी भारी उत्साह नजर आ रहा है। पहले दिन बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में 700 से ज्यादा श्रद्धालुओं ने दर्शन किए.

यह भी पढ़ें - देवभूमि में श्रद्धालुओं से गुलजार होने लगे चार धाम, 42 हजार ई पास जारी
शनिवार शाम तक देवस्थानम बोर्ड ने 19 हजार 491 ई पास जारी किए गए हैं। चारधाम में पहुंचने वाले यात्रियों की संख्या तय कर दी गई है..केदारनाथ में रोजाना 800 लोग दर्शन कर सकते हैं। यहां के लिए अब तक 10,010 ई-पास जारी हुए हैं। इसी तरह बदरीनाथ धाम में 1000 लोगों को जाने की अनुमति होगी। यहां के लिए 4830 पास जारी हुए हैं। गंगोत्री में हर दिन 600 भक्त दर्शन कर सकते हैं। यहां के लिए 4830 ई-पास जारी किए गए। इसी तरह यमुनोत्री में हर दिन दर्शन करने वाले यात्रियों की संख्या 400 तय की गई है, यहां के लिए अब तक 2,276 पास जारी किए गए हैं। यात्रियों की कोविड जांच के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बदरीनाथ जाने वाले यात्रियों के लिए गौचर, मोहनखाल और मेहलचौरी में जांच के इंतजाम किए गए हैं, जबकि केदारनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं की कोविड जांच सोनप्रयाग में हो रही है।