नैनीताल: Uttarakhand Vidhan Sabha Elections में तीसरा सियासी विकल्प बनने का दावा कर रही आम आदमी पार्टी की मुश्किलें कम नहीं हो रहीं। आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने पर 300 यूनिट फ्री बिजली देने का वादा किया है। जगह-जगह 300 यूनिट बिजली देने की घोषणा से जुड़े केजरीवाल मुफ्त बिजली गारंटी कार्ड बांटे जा रहे हैं। अब आप के इस चुनावी वादे पर विवाद शुरू हो गया है। इसे लेकर नैनीताल हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की गई है। जिसमें याचिकाकर्ता ने आप पार्टी द्वारा लिखित में कराए जा रहे रजिस्ट्रेशन को पूरी तरह असंवैधानिक बताया। साथ ही कहा कि पार्टी का यह आचरण जनता को गुमराह करने वाला है। इस पर आदर्श आचार संहिता के अंतगर्त रोक लगाई जाए। बीते दिन नैनीताल हाईकोर्ट में इस मामले को लेकर सुनवाई हुई। कोर्ट ने मामले को सुनने के बाद अगली सुनवाई के लिए 8 दिसम्बर की तिथि नियत की है।