Advertisement
Best Hidden Treks in Kedar Himalaya for True Mountain Lovers
A chance to reconnect with nature and inner peace. Treks in Kedar Himalaya that stay with you for a lifetime.
Example Ads Media
पौड़ी गढ़वाल: पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत के कांग्रेस में शामिल होने के साथ ही पिछले पांच दिन से चल रहा हरक एपिसोड खत्म हो गया है। अब कांग्रेस का पूरा ध्यान प्रत्याशियों के चयन पर है। प्रदेश में शुक्रवार से प्रत्याशियों के नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है, ऐसे में माना जा रहा है कि शनिवार को पार्टी की ओर से प्रत्याशियों की सूची जारी की जा सकती है। आज कांग्रेस उत्तराखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों की पहली सूची जारी करेगी। इसमें 55 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया जा सकता है। शुक्रवार को देर रात नई दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक हुई। बताया जा रहा है कि सीईसी ने देर रात टिकट जारी करने का निर्णय स्थगित कर दिया। दिल्ली में हुई बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी व प्रियंका गांधी के साथ स्क्रीनिंग कमेटी अध्यक्ष अविनाश पांडेय, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल मौजूद रहे। सूत्रों के मुताबिक बैठक में 55 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी करने पर सहमति बनी, लेकिन देर रात होने से इसे घोषित नहीं किया गया। उत्तराखंड के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रत्याशियों की सूची शनिवार को जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी 70 सीटों पर रायशुमारी के बाद सूची पहले ही सीईसी को सौंप दी गई थी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पहली लिस्ट में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का नाम भी शामिल होगा। पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत की बहू अनुकृति गुसांई को लैंसडौन से टिकट मिलने की चर्चा है। जबकि पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत को कांग्रेस अपने स्टार प्रचारक के रूप में चुनाव मैदान में उतार सकती है।