उत्तराखंड: BJP में टिकट बंटवारे से मचा बवाल, भीमताल-कपकोट में बागी हुए कार्यकर्ता

बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पार्टी पर गलत प्रत्याशी चुनने का आरोप लगाते हुए अपना इस्तीफा हाईकमान को भेज दिया है।
Advertisement Hidden Gem Treks of Kedar Himalaya You Must Explore Once in Life

Peaceful and untouched trekking routes away from the crowds. Hidden trails where nature still remains raw and pure.

Example Ads Media
Uttarakhand BJP: BJP workers protest in Bhimtal Kapkot
Image: BJP workers protest in Bhimtal Kapkot

नैनीताल: बीजेपी में टिकट के बंटवारे के साथ ही जगह-जगह बगावत के सुर उठ रहे हैं। टिकट कटने से नाराज विधायकों ने पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं, कई जगह तो विरोध स्वरूप बीजेपी कार्यकर्ताओं ने इस्तीफा तक दे दिया है। नैनीताल की भीमताल विधानसभा और बागेश्वर की कपकोट विधानसभा में यही हुआ है। यहां बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पार्टी पर गलत प्रत्याशी चुनने का आरोप लगाते हुए अपना इस्तीफा हाईकमान को भेज दिया है। पहले भीमताल की बात करते हैं। यहां बीजेपी ने राम सिंह कैड़ा को उम्मीदवार बनाया है। चुनाव से ठीक पहले बीजेपी में शामिल होने वाले राम सिंह कैड़ा को टिकट दिए जाने से खफा कई पार्टी कार्यकर्ताओं ने मंडी समिति के पूर्व चेयरमैन मनोज साह के साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। इन लोगों ने कहा है कि चुनाव समिति ने उनके साथ धोखाधड़ी की है। यहां करीब 300 बीजेपी कार्यकर्ताओं ने बीजेपी से इस्तीफा दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य की चयन समिति ने गलत टिकट देकर पुराने कार्यकर्ताओं को नाराज किया है। इस्तीफा देने वालों ने कहा कि अब वो अपने बीच से ही किसी जिताऊ प्रत्याशी को चुनाव लड़ाएंगे।

बागेश्वर में भी बगावत की खबर है। यहां शेर सिंह गड़िया को टिकट न मिलने से नाराज 39 कार्यकर्ताओं ने पार्टी छोड़ने का ऐलान किया है। कपकोट से बीजेपी ने सुरेश गड़िया को टिकट दिया है। जिससे कई बीजेपी कार्यकर्ता नाराज हैं। खासकर शेर सिंह गड़िया के समर्थकों में खासा रोष है। उनका आरोप है कि रायशुमारी की प्रक्रिया पूरी करने के बावजूद पार्टी हाईकमान ने टिकट वितरण में अपनी मर्जी ही चलाई। इससे दुखी होकर वे अपने पदों की सदस्यता से इस्तीफा दे रहे हैं। बता दें कि सत्ताधारी बीजेपी ने राज्य की 70 सीटों में से 59 विधानसभा सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। जैसा अनुमान लगाया जा रहा था, अपना टिकट कटने और दावेदारी के उम्मीदवारी में तब्दील न होने पर मायूस लोगों में असंतोष फूट पड़ा है। कई जगह नाराज दावेदारों ने पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ने की बात कही है।