Advertisement
Secret Himalayan Treks Near Kedarnath You’ve Never Heard Of
Trails once used by sages, locals, and shepherds. Ideal for travelers seeking silence over social media fame.
Example Ads Media
रुद्रपुर: गांव की जमीन बेचने के नाम पर पिता-पुत्र सहित तीन लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि जमीन घोटाले में 6.07 करोड़ की ठगी करने के बाद आरोपियों ने खालिस्तानी आतंकवादियों से पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी भी दी। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
आवास विकास के निवासी अभय कुमार गोयल ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें बताया गया कि वे ठेकेदारी और जमीन खरीद-फरोख्त का काम करते हैं। उनके अनुसार उन्होंने अपने बेटे पारस गोयल और साझेदार राजीव सिंघल के साथ मिलकर रामपुर के टैमरा गांव में स्थित 8.33 एकड़ जमीन का सौदा किया था। यह सौदा बिलासपुर निवासी तजिंदर सिंह बाजवा और हरियाणा के करनाल निवासी पवनिंदर सिंह वासन के साथ 1.10 करोड़ रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से तय किया गया था, जिसमें 10 लाख रुपये अग्रिम राशि दी गई थी। 6.07 करोड़ रुपये का भुगतान वे सितंबर 2023 से मार्च 2024 तक अलग-अलग बार कर चुके थे। लेकिन मार्च में जब जमीन की रजिस्ट्री कराने की बात आई तो आरोपी बहाने बनाने लगे।
आरोप यह भी है कि 30 मार्च को तजिंदर सिंह ने जमीन की 14 रजिस्ट्री अपने रिश्तेदारों के नाम पर करवा दी। जब अभय ने इस धोखाधड़ी के बाद आरोपियों से संपर्क किया तो उन्होंने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। 22 जुलाई को फ्लाईओवर के नीचे एक कार्यालय में हुई मुलाकात के दौरान तजिंदर ने उन्हें धमकाया कि उसके संबंध कनाडा स्थित खालिस्तानी आतंकवादियों से हैं और वह पूरे परिवार को खत्म करवा सकता है। इस धमकी से दहशत में आए अभय ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। इस मामले में पुलिस ने तजिंदर सिंह और पवनिंदर सिंह वासन के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।