रामनगर में बालाजी मंदिर के पास कार सवार युवक पर अज्ञात हमलावरों ने ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर घायल हो गया। पुलिस CCTV और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी...
-
राज्य समीक्षा डेस्क
-
Advertisement
केदार हिमालय के ऐसे ट्रेक जहां रास्ता खुद आपको चुनता है
बुग्याल, हिमालयी वन और बर्फीली चोटियों का अद्भुत नज़ारा। आध्यात्म, रोमांच और एकांत का अनोखा संगम।
Example Ads Media
Image: Car-Borne Man Attacked Near Balaji Temple Police Probe Underway
रामनगर: उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर में गुरुवार तड़के कार सवार एक युवक पर जानलेवा हमले से हड़कंप मच गया। बालाजी मंदिर के पास अज्ञात हमलावरों ने टेड़ा रोड लखनपुर निवासी गोपाल सिंह अधिकारी उर्फ गोपू की कार को घेरकर उन पर हमला कर दिया। हमले में गोपू गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका इलाज फिलहाल काशीपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
Car-Borne Man Attacked Near Balaji Temple, Police Probe Underway
जानकारी के मुताबिक घटना सुबह करीब चार बजे की है। गोपू अधिकारी अपनी वॉक्सवैगन विंटो कार (UK06 AW 7879) से बालाजी मंदिर के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर उनकी कार को घेर लिया और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में गोपू के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने क्षतिग्रस्त कार देखी। कार के शीशे टूटे हुए थे और वाहन के अंदर-बाहर खून के निशान दिखाई दिए। मौके से खून से सने पत्थर और ईंटें भी बरामद हुईं, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
गंभीर हालत में काशीपुर रेफर
घटना की सूचना मिलते ही रामनगर कोतवाल सुशील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। घायल गोपू को पहले रामनगर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें काशीपुर के हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। आगे पढ़िए..
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल को कब्जे में लेकर आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। मामले में फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। टीम घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटा रही है। रामनगर कोतवाल सुशील कुमार के मुताबिक, मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बहस के बाद हमले का दावा, पुलिस ने नहीं की पुष्टि
इधर, कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना से पहले लखनपुर चुंगी के पास गोपू अधिकारी की कुछ युवकों से बहस हुई थी। इसके बाद बालाजी मंदिर के समीप हमला किए जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि, पुलिस ने इस दावे की अभी पुष्टि नहीं की है। कुछ लोगों ने फायरिंग होने की बात भी कही है, लेकिन पुलिस की ओर से फिलहाल फायरिंग की पुष्टि नहीं की गई है।
इलाके में दहशत, गश्त बढ़ाने की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और हमले में शामिल आरोपियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज, फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान और हमले के पीछे की वजह का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।