हरिद्वार: कोरोना संकट से जूझ रहे हरिद्वार में हालात बेकाबू होते जा रहे हैं। यहां एक और इलाका कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। लक्सर के मोहनावाला गांव में मुजफ्फरनगर से लौटी एक महिला में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने के बाद पूरे गांव को सील कर दिया गया। मोहनवाला गांव को कलस्टर कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। यहां लोगों के घरों से निकलने पर पाबंदी लगाई गई है। जरूरत का हर सामान प्रशासन मुहैया कराएगा। लक्सर तहसील के ब्लॉक खानपुर क्षेत्र के मोहनावाला गांव की एक महिला का मायका मुजफ्फरनगर में है। 14 मई को ये महिला मुजफ्फरनगर से मोहनावाला स्थित अपनी ससुराल लौटी थी। 24 मई को उसका सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। शुक्रवार को महिला की सैंपल रिपोर्ट पॉजिटिव आई।