देहरादून: दिल्ली में कोरोना के बढ़ते केसेज के साइड इफेक्ट्स उत्तराखंड में भी दिखने लगे हैं। बॉर्डर पर बाहर से आने वाले वाहनों की चेकिंग हो रही है। यात्रियों की रैंडम सैंपलिंग हो रही है। इसके अलावा अब शासन ने एक और महत्वपूर्ण फैसला लिया है। जो लोग ट्रेन से देहरादून आएंगे, अब उनका सैंपल भी जांच के लिए भेजा जाएगा। प्रशासन ने देहरादून-नई दिल्ली जनशताब्दी और शताब्दी के अलावा देहरादून-कोटा नंदा देवी एक्सप्रेस, देहरादून-प्रयागराज लिंक एक्सप्रेस ट्रेनों से देहरादून आने वाले यात्रियों में से कुछ की रैंडम कोरोना जांच कराने का निर्णय लिया है। रेलवे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों का ब्यौरा जुटाने का काम पहले से जारी है। अब उनके सैंपल भी लिए जाएंगे। ये जानकारी अपर जिलाधिकारी वित्त वीर सिंह बुदियाल ने दी। उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन पर स्वास्थ्य विभाग की टीम तैनात की जाएगी। ताकि ट्रेनों से दून आने वाले यात्रियों की स्टेशन पर ही कोरोना जांच की जा सके।