Advertisement
Triyuginarayan - World’s Most Divine Wedding Destination
Couples are choosing the sacred land of Lord Shiva’s wedding to begin their own love stories.
Example Ads Media
देहरादून: आगामी चुनावों को देखते हुए इस बार भाजपा और कांग्रेस के अलावा आम आदमी पार्टी भी उत्तराखंड में चुनाव लड़ने की पूरी तैयारी कर रही है और चुनावी रण में उतर चुकी है। आम आदमी पार्टी उत्तराखंड में लोगों को अबतक कई बड़े वादे कर चुकी है। फ्री बिजली के बाद आम आदमी पार्टी ने एक और बड़ा वादा कर दिया है। उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी सरकार बनाने की पूरी कोशिश कर रही है और इसके लिए वह लोगों का दिल जीतने में जुटी हुई है। सबसे पहले आम आदमी पार्टी ने उत्तराखंड की आम जनता को फ्री बिजली का वादा किया। इसके बाद आम आदमी पार्टी ने यह घोषणा की है कि आप की सरकार बनते ही देवस्थानम बोर्ड को भंग कर दिया जाएगा। जी हां, वही देवस्थानम बोर्ड जिसका विरोध चार धाम के तमाम पुरोहित समेत कई पहाड़ के मंदिर कर रहे हैं। देवस्थानम बोर्ड को हटाने की मांग दिन प्रतिदिन तेज होती जा रही है। यह बोर्ड त्रिवेंद्र सिंह रावत तमाम विरोध के बावजूद भी लेकर आए थे। माना जा रहा था कि इस बोर्ड से चारधाम समेत पहाड़ के सभी 51 मंदिरों की हालत में सुधार होगा और सभी मंदिरों में विकास भी किया जाएगा। चार धाम के तीर्थ पुरोहितों का कहना है कि देवस्थानम बोर्ड पहाड़ के मंदिरों के अंदर दखलअंदाजी कर रहा है और बोर्ड की स्थापना होने के साथ ही चार धाम बोर्ड के सभी पुरोहित आंदोलन कर रहे हैं। ऐसे में आम आदमी पार्टी इन सभी के समर्थन में उतर आई है और आम आदमी पार्टी ने कहा है कि आप की सरकार बनते ही देवस्थानम बोर्ड को निरस्त कर दिया जाएगा। आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर बोर्ड को लेकर दोहरा रुख अपनाने का आरोप लगाया है।