देहरादून: कच्ची शराब का कारोबार करने वालों की अब खैर नहीं है। त्रिवेंद्र सरकार ने ऐलान किया है कि अवैध शराब की बिक्री करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। बच्चों से दुराचार की तर्ज पर उत्तराखंड में अवैध रूप से शराब बेचने वालों के खिलाफ कानून लाया जाएगा। सीएम ने अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए राज्य में अलग कानून बनाने की वकालत की है। बता दें कि उत्तराखंड के रुड़की में कच्ची शराब से लोगों की मौत के मुद्दे पर विपक्ष सरकार को घेर रहा है, वहीं सरकार अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कह रही है। उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन जहरीली शराब से 126 लोगों की मौत का मुद्दा जोर-शोर से उठा। कांग्रेस ने इस मामले को लेकर सदन में जोरदार हंगामा किया, तो वहीं सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने आरोपियों के साथ सख्ती से पेश आने की बात कही।