टिहरी गढ़वाल: सत्ता की हनक में उत्तराखंड पुलिस और प्रशासन से उलझने वाले यूपी के विधायक अमनमणि त्रिपाठी को यहां की पुलिस ने अच्छा सबक सिखाया। विधायक अमनमणि त्रिपाठी समेत 12 लोगों के खिलाफ मुनिकीरेती थाने में केस दर्ज हुआ है। सोमवार को अमनमणि त्रिपाठी की कार का हरिद्वार में चालान कटा, साथ ही लाइसेंस भी जब्त कर लिया गया। अमनमणि त्रिपाठी यूपी के महाराजगंज से विधायक हैं। सत्ता के घमंड में पहले भी विवादों में रहे हैं। रविवार को अमनमणि त्रिपाठी और उनके साथी 3 गाड़ियों में सवार हो बदरीनाथ जा रहे थे। इस बीच जिस-जिस जिले से गुजरे पुलिसवालों को हड़काते हुए आगे बढ़ते रहे, लेकिन गौचर में पुलिस ने उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया। अमरमणि यहां भी पुलिस से उलझ पड़े। बहस कर के किसी तरह आगे बढ़ गए, लेकिन कर्णप्रयाग में पुलिस ने उन्हें रोक लिया और वापस लौटने पर मजबूर कर दिया।