उधमसिंह नगर: कोरोना के कारण राज्य में जो उथल-पुथल मची हुई है वो किसी से छिपी नहीं है। वैश्विक महामारी घोषित हो चुका कोरोना के उत्तराखंड में अबतक कुल 359 केस सामने आए हैं जो कि चिंताजनक है। कोरोना वायरस दैत्य की भांति सबको अपनी चपेट में लेता हुआ आगे बढ़ रहा है। यहां तक कि छोटे-छोटे मासूम बच्चे तक कोरोना की चपेट में आ रहे हैं। हाल ही में उत्तराखंड के उधमसिंह नगर में महज 3 साल के बच्चे के अंदर कोरोना वायरस की पुष्टि हुई। उससे पहले दून में मात्र 1 साल के बच्चे के अंदर भी कोरोना की पुष्टि हुई थी। हरिद्वार के लक्सर में भी 7 साल का बच्चा कोरोना पॉजिटिव पाया गया। ताजा मामला काशीपुर का है। काशीपुर में एक परिवार के 6 वर्षीय मासूम बच्चे का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया है। बता दें कि उसकी मां अपने तीनों बच्चों समेत फिरोजाबाद से काशीपुर अपने मायके से लौटी थी। जिसके बाद उनके महज 6 साल के बच्चे का रिजल्ट कोरोना पॉजिटिव आया जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। बच्चा पूरे समय अपनी मां और दो अन्य भाई-बहनों के साथ था मगर उसकी मां और दोनों भाई-बहन के अंदर कोरोना के लक्षण नहीं दिखे हैं।