देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने गरीब बेरोजगार युवाओं के लिए क्रांतिकारी ऐलान किया है। प्रदेश सरकार इसी महीने से गरीब सवर्ण युवाओं के लिए रोजगार और शैक्षणिक आरक्षण लागू कर देगी। एक रिपोर्ट के मुताबिक फरवरी महीने से सवर्ण जाति के गरीबों को दस फीसदी आरक्षण का फायदा मिलने लगेगा। शैक्षणिक संस्थानों के साथ-साथ सरकार की भर्तियों में आरक्षण लागू होगा। नई व्यवस्था के तहत सभी विभागों की तरफ से जारी होने वाली रिक्तियों में आर्थिक आधार पर गरीब बेरोजगारों को नियुक्ति दी जाएगी। अगले शैक्षणिक सत्र से प्रदेश के सरकारी विश्वविद्यालयों में होने वाले एडमिशन में गरीब सवर्णों को आरक्षण मिलने लगेगा। आरक्षण लागू करने के लिए आने वाले विधानसभा सत्र में संबंधित अध्यादेश लाया जाएगा, जिसके बाद 10 फीसद आरक्षण लागू कर दिया जाएगा। उच्च शिक्षा विभाग के साथ-साथ कार्मिक विभाग ने नई आरक्षण व्यवस्था लागू करने के लिए तैयारी शुरू कर दी है।