अल्मोड़ा: कोरोना संक्रमण की रफ्तार प्रदेश में भले ही कम हुई हो मगर खतरा अभी तक टला नहीं है और इसी को देखते हुए अल्मोड़ा के राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित कैंची धाम में प्रसिद्ध नीब करौली बाबा मंदिर का गेट अनिश्चितकाल तक के लिए बंद कर दिया गया है। इसी के साथ आने वाली 15 जून को होने वाले कैंची धाम के महोत्सव को भी रद्द कर दिया गया है। आपको बता दें कि 15 जून को कैंची महोत्सव का आयोजन होना है मगर संक्रमण के खतरे के कारण प्रशासन एवं मंदिर समिति ने मंदिर के गेट को बंद करने का फैसला लिया है 15 जून को मेले का पर्व नजदीक आने और धीरे-धीरे धाम में श्रद्धालुओं की उमड़ती हुई भीड़ को देखते हुए बीते शनिवार को मंदिर समिति ने मुख्य गेट पर रस्सी लगाकर उसको बंद कर दिया है। मंदिर प्रबंधक विनोद जोशी का कहना है कि कोरोना संक्रमण को मध्य नजर रखते हुए यह फैसला लिया गया है। उन्होंने बताया कि मेले का पर्व नजदीक आने के कारण मंदिर में हर दिन श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने लगी है। सरकार द्वारा भी किसी भी प्रकार की रोकटोक नहीं लगाए जाने के बाद बाहरी राज्यों से भी भक्त मंदिर में दर्शन के लिए लगातार पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि कोरोना काल के दौरान मंदिर में भीड़ जुटना खतरे के संकेत हैं और इससे संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में निश्चितकाल के लिए मंदिर के कपाट को श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिया गया है। एसडीएम विनोद कुमार ने बताया है कि संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए यह निर्णय लिया गया है।